सड़क सुरक्षा को लेकर शहरडाल स्कूल में जागरूकता अभियान, 250 विद्यार्थियों ने ली शपथ
जामताड़ा: जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने एवं आमजनों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को मिहिजाम के पीएम श्री राजकीयकृत अपग्रेड हाई स्कूल, शहरडाल में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी के पर्यवेक्षण में सड़क सुरक्षा एवं पुलिस टीम द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 250 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, ट्रिपल राइडिंग से बचने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की जानकारी दी गई।
इस दौरान ‘दुर्घटना से पहले अपने अपनों को रोको-टोको’ का संदेश देते हुए विद्यार्थियों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की अपील की गई। साथ ही सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद करने, गुड सेमेरिटन (नेक मददगार) एवं हिट एंड रन से जुड़े प्रावधानों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की सामूहिक शपथ ली।
मौके पर सूचना प्रौद्योगिकी सहायक सतीश कुमार सिंह, रोड इंजीनियरिंग एनालिस्ट मांज आलम, मिहिजाम थाना के एएसआई राकेश कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।







