जामताड़ा के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ-बीएलए-2 की पांचवीं बैठक आयोजित, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश
जामताड़ा: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत बुधवार को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ-बीएलए-2 की पांचवीं बैठक के साथ चुनाव पाठशाला आयोजित की गई। इस दौरान मतदाता सूची के सत्यापन, दस्तावेजों की कमी और नए मतदाताओं के पंजीकरण से संबंधित मामलों की समीक्षा की गई।
बैठक के क्रम में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण कर कार्यों का जायजा लिया। अधिकारियों ने बीएलओ पर्यवेक्षकों एवं बीएलओ को निर्देश दिया कि दस्तावेजों की कमी से संबंधित नोटिस वाले मतदाताओं की समस्याओं का शीघ्र समाधान करें। साथ ही अगले एक सप्ताह के भीतर सभी लंबित मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में प्रपत्र-2 में दर्ज नोटिस एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले मतदाताओं की नामवार सूची उपस्थित सदस्यों एवं नागरिकों के समक्ष पढ़कर सुनाई गई। इस पर बीएलए-2 एवं आम नागरिकों से सुझाव और आपत्तियां भी प्राप्त की गईं।
वहीं, छूटे हुए पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रपत्र-6 एवं घोषणा पत्र के साथ ऑफलाइन या ऑनलाइन आवेदन करने की जानकारी दी गई। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे।







