दिसंबर से शुरू होगी धान अधिप्राप्ति, केंद्रों के चयन में किसानों की सुविधा पर जोर
जामताड़ा: जिले में खरीफ विपणन मौसम 2026-27 के तहत दिसंबर से संभावित धान अधिप्राप्ति को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में गुरुवार को जिला स्तरीय धान अधिप्राप्ति अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में धान क्रय केंद्रों के रूप में लैम्पस के चयन, राइस मिलों की टैगिंग और अन्य तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में प्रखंडवार लैम्पस चयन प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए विभागीय दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों को किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए अधिप्राप्ति केंद्रों का चयन करने को कहा गया।
चयन के दौरान संबंधित केंद्रों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज नहीं होने, पूर्व का बकाया नहीं रहने, नियमित अंकेक्षण, गोदाम की बेहतर स्थिति तथा केंद्रों की धान खरीद संबंधी उपलब्धियों को ध्यान में रखने पर जोर दिया गया। साथ ही केंद्रों की दूरी पंजीकृत किसानों से न्यूनतम रखने और उन्हें धान उत्पादक क्षेत्रों के नजदीक स्थापित करने की बात कही गई।
निर्देश दिया गया कि खरीफ विपणन मौसम 2026-27 में कोई भी प्रखंड लैम्पस, पैक्स या एफपीओ के चयन से वंचित नहीं रहे। चयनित केंद्रों पर जनसेवक एवं अन्य कर्मियों की तैनाती के साथ प्रखंड स्तर पर सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
बैठक में अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, जिला आपूर्ति पदाधिकारी कयूम अंसारी, जिला कृषि पदाधिकारी अनूप कुमार हेम्ब्रम सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।








