खाद्य आपूर्ति मंत्री से मिले फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन के प्रतिनिधि, मांगों के शीघ्र समाधान का मिला आश्वासन
जामताड़ा: फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन, झारखंड प्रदेश के अध्यक्ष मोहन प्रसाद एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी देव कुमार साव ने राज्य के खाद्य आपूर्ति मंत्री इरफान अंसारी से उनके आवास पर मुलाकात कर डीलरों की विभिन्न समस्याओं और मांगों से संबंधित मांग-पत्र सौंपा।
मुलाकात के दौरान मंत्री ने डीलरों की समस्याओं का शीघ्र निष्पादन करने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि पेपरलेस व्यवस्था और लाइसेंस स्थानांतरण से संबंधित फाइलें उनके पास हैं। इस संबंध में सचिव से वार्ता कर आवश्यक स्वीकृति प्रदान करने की दिशा में कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने रांची में राज्यभर के डीलरों के लिए भव्य सेमिनार आयोजित करने का प्रस्ताव भी रखा। मंत्री ने इस प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए सेमिनार आयोजित कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में डीलरों के हित में कुछ महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की जाएंगी।
बैठक में डीलरों के बकाया कमीशन के भुगतान, कमीशन में वृद्धि तथा अन्य लंबित मांगों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि सरकार डीलरों की समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक कदम उठाएगी।
इस अवसर पर जामताड़ा कांग्रेस जिला अध्यक्ष विजय कुमार दुबे भी उपस्थित थे।








