झारखंड कैबिनेट के कई अहम फैसले, स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई और रोजगार योजनाओं को मंजूरी
रांची: झारखंड मंत्रिपरिषद की बैठक में राज्य के विकास, बुनियादी ढांचे के विस्तार और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में सड़क निर्माण, स्वास्थ्य सेवाओं, सिंचाई, बिजली, शिक्षा और सामाजिक कल्याण से संबंधित योजनाओं पर निर्णय लिए गए।
स्वास्थ्य क्षेत्र में जमशेदपुर स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज परिसर में 500 शय्या वाले अस्पताल के निर्माण के लिए 545.38 करोड़ रुपये की पुनरीक्षित प्रशासनिक स्वीकृति दी गई। वहीं, रांची सदर अस्पताल में कैथ लैब की स्थापना के लिए 9.90 करोड़ रुपये की लागत पर कार्य आवंटित करने की मंजूरी दी गई।
सड़क निर्माण के तहत गिरिडीह जिले की विभिन्न सड़कों के चौड़ीकरण, मजबूतीकरण और पुनर्निर्माण के लिए करोड़ों रुपये स्वीकृत किए गए। पेयजल संकट के समाधान के लिए राज्य के 263 प्रखंडों में 7,890 चापाकल लगाने की योजना को भी मंजूरी मिली।
बैठक में गोड्डा में पशु आहार कारखाना स्थापित करने, आदिवासी बहुल गांवों के अविद्युतीकृत घरों तक बिजली पहुंचाने तथा नीमडीह-कुकड़ू मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना के क्रियान्वयन से जुड़े प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई।
इसके अलावा खनन नीति, सरकारी कर्मचारियों की सेवा शर्तों, पोषण कार्यक्रम, अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र और भूमि अधिग्रहण के लिए एकीकृत पोर्टल विकसित करने सहित कई प्रशासनिक प्रस्तावों को भी मंजूरी प्रदान की गई।








