झारखंड में तकनीकी छात्रों को इंटर्नशिप, विश्वविद्यालयों में मानसिक स्वास्थ्य सुविधाओं को मंजूरी
रांची: झारखंड सरकार ने तकनीकी शिक्षा, विश्वविद्यालयों में छात्र कल्याण और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी है। इन फैसलों का उद्देश्य छात्रों को व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने, मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सरकारी विभागों को विशेषज्ञों की सेवाओं से जोड़ना है।
विभाग के अंतर्गत राजकीय पॉलिटेक्निक और राजकीय महिला पॉलिटेक्निक संस्थानों के विद्यार्थियों को इंटर्नशिप प्रशिक्षण देने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके लिए वित्त नियमावली के नियम 235 को शिथिल करते हुए नियम 245 के तहत झारखंड गवर्नमेंट टूल रूम (JGTR), रांची, दुमका और रामगढ़ का मनोनयन के आधार पर चयन किया जाएगा। इन संस्थानों के सहयोग से विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे उनके व्यावहारिक कौशल और रोजगार की संभावनाओं को बढ़ावा मिल सकेगा।
इसके अलावा, झारखंड राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम, 2026 की धारा 8 के तहत राजकीय विश्वविद्यालयों में छात्रों के कल्याण के लिए ‘स्टैच्यूट फॉर हेल्थ केयर मैनेजमेंट एंड मेंटल वेलबीइंग-2026’ को मंजूरी दी गई है।
राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में अध्ययन, अनुसंधान और तकनीकी परामर्श के लिए विशेषज्ञ समिति के गठन एवं कार्यप्रणाली नियमावली, 2026 को भी स्वीकृति मिली। साथ ही राज्य प्रोबेशन सेवा (संशोधन) नियमावली, 2026 के गठन को मंजूरी दी गई।








