जनगणना 2027 की तैयारियों का उपायुक्त ने लिया जायजा, त्रुटिरहित आंकड़ा संग्रह पर जोर
जामताड़ा: भारत की जनगणना 2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर, जामताड़ा में चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम का उपायुक्त आलोक कुमार ने मंगलवार को जायजा लिया। 26 से 29 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रशिक्षण में जिला एवं चार्ज स्तर के अधिकारियों, सहायक चार्ज अधिकारियों और तकनीकी सहायकों को जनगणना की प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है।
उपायुक्त ने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश की जनसंख्या, सामाजिक परिस्थितियों तथा विभिन्न योजनाओं और नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए जनगणना का कार्य व्यवस्थित, त्रुटिरहित और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करना आवश्यक है।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को प्रशिक्षण की बारीकियों को गंभीरता से समझने का निर्देश दिया, ताकि जमीनी स्तर पर कार्य के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने आंकड़ा संग्रहण में प्रत्येक व्यक्ति की जानकारी शामिल करने और आंकड़ों की शुद्धता बनाए रखने पर जोर दिया।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर प्रशिक्षकों ने जनगणना प्रक्रिया, प्रपत्रों के संधारण, मोबाइल आधारित आंकड़ा संग्रहण और तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी। जनगणना 2027 के द्वितीय चरण में डिजिटल माध्यम से आंकड़े जुटाए जाएंगे। नागरिकों को मोबाइल या कंप्यूटर के जरिए स्वयं जानकारी दर्ज करने की सुविधा भी मिलेगी।
इस अवसर पर जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सुशांत कण्डुलना सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।








