सादगीपूर्ण तरीके से मनेगा झारखंड विधानसभा का स्थापना दिवस, सेंट्रल हॉल में होगा सम्मान समारोह:विधानसभाध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो
रांची: झारखंड विधानसभा का स्थापना दिवस समारोह इस वर्ष सादगीपूर्ण तरीके से मनाया जाएगा। 22 नवंबर को आयोजित होने वाले समारोह की तैयारियों को लेकर विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने मंगलवार को अपने कार्यालय कक्ष में विधानसभा के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा और आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।
बैठक में हाल के दिनों में झारखंड के राजनीतिक जगत से जुड़े लोगों के निधन और शोक की स्थिति को ध्यान में रखते हुए स्थापना दिवस समारोह को सादगी से आयोजित करने पर विचार-विमर्श किया गया। वहीं, 25 और 26 नवंबर को प्रस्तावित विधानसभा के विशेष सत्र को देखते हुए भी कार्यक्रमों के स्वरूप पर चर्चा हुई।
बैठक में स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले सम्मान समारोह को यथावत रखने पर सहमति बनी। साथ ही, निर्णय लिया गया कि सम्मान समारोह सहित स्थापना दिवस के सभी कार्यक्रम झारखंड विधानसभा के सेंट्रल हॉल में आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में विधानसभा के प्रभारी सचिव रंजीत कुमार समेत विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी उपस्थित थे। समारोह के आयोजन को लेकर आवश्यक तैयारियों और व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई।








