जामताड़ा में 31 अक्टूबर को रोजगार मेला, 879 से अधिक पदों पर होगी भर्ती
जामताड़ा: जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 31 अक्टूबर को सरकारी आईटीआई कॉलेज, करमाटांड़ में एक दिवसीय रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। जिला नियोजनालय, जामताड़ा की ओर से आयोजित इस मेले में नौ स्थानीय और बाहरी नियोजक शामिल होंगे। इनके माध्यम से 879 से अधिक पदों पर योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
रोजगार मेले में आठवीं पास से लेकर इंजीनियरिंग डिग्रीधारी अभ्यर्थियों तक को अवसर मिलेगा। विभिन्न कंपनियों में डिप्लोमा अप्रेंटिस, ट्रेनी, वीडियो क्रिएटर, डाटा एंट्री ऑपरेटर, टेली कॉलर, असेंबली ऑपरेटर, सीएनसी ऑपरेटर, सिक्योरिटी गार्ड, सिक्योरिटी सुपरवाइजर, बाउंसर, इंश्योरेंस कंसल्टेंट और मशीन ऑपरेटर समेत कई पदों पर भर्ती की जाएगी।
इच्छुक अभ्यर्थियों को 31 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित स्थल पर पहुंचना होगा। उम्मीदवार अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्रों, जाति एवं स्थानीय प्रमाणपत्र, आधार कार्ड की छायाप्रति, बायोडाटा और फोटो के साथ उपस्थित हो सकते हैं।
जिन अभ्यर्थियों का किसी नियोजनालय में पंजीकरण नहीं है, उन्हें जिला नियोजनालय अथवा झार नियोजन पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा।
प्रशासन ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में रोजगार मेले में शामिल होने की अपील की है। रिक्तियां निजी क्षेत्र की हैं, इसलिए नियुक्ति संबंधी शर्तों के लिए संबंधित नियोजक जिम्मेदार होंगे।








