जामताड़ा में साइबर अपराधियों पर एसपी शंभू कुमार सिंह का करारा प्रहार, दो गिरफ्तार
जामताड़ा: साइबर अपराध के खिलाफ जामताड़ा पुलिस ने एक बार फिर प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह के नेतृत्व और सटीक रणनीति से जिले में साइबर अपराधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है, जिससे अपराधियों में कानून का भय बढ़ा है।
एसपी शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर डीएसपी अमित रविदास के नेतृत्व में गठित छापेमारी दल ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के सुगापहाड़ी गांव में सड़क किनारे स्थित एक निर्माणाधीन मकान में छापेमारी की। इस दौरान वाजिद अंसारी (32) और हसबुल अंसारी (24) को कथित रूप से साइबर अपराध करते हुए गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से छह मोबाइल फोन, नौ सिम कार्ड, सात एटीएम कार्ड और एक पैन कार्ड बरामद किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी एसबीआई सहित अन्य बैंकों के क्रेडिट कार्ड बंद होने या नया कार्ड जारी कराने का झांसा देकर लोगों के मोबाइल में एपीके फाइल डाउनलोड करवाते थे। इसके माध्यम से क्रेडिट कार्ड से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर साइबर ठगी की जाती थी। इनका कार्यक्षेत्र देश के विभिन्न राज्यों तक फैला बताया गया है।
इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 69/26 दर्ज कर संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।
एसपी शंभू कुमार सिंह की सतर्कता, सक्रिय नेतृत्व और साइबर अपराध पर अंकुश लगाने की प्रतिबद्धता जामताड़ा पुलिस की कार्यशैली को मजबूती प्रदान कर रही है। पुलिस ने आम लोगों से अनजान लिंक और एपीके फाइल डाउनलोड नहीं करने तथा बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की अपील की है।








