बरमसिया में फुटबॉल प्रतियोगिता में शामिल हुए विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो
जामताड़ा: कुंडहित प्रखंड के बरमसिया में आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता में झारखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं नाला विधायक रवींद्रनाथ महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के जोश, उत्साह और खेल के प्रति समर्पण को देखकर उन्होंने प्रसन्नता जाहिर की। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि खेलकूद केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे युवाओं में अनुशासन, एकता, आपसी भाईचारा और टीम भावना का भी विकास होता है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन बेहद सराहनीय है। इससे गांवों में छिपी खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है। साथ ही युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी मिलती है।
उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी सदस्यों को बधाई दी। साथ ही प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष के अलावा कुंडहित प्रखंड के प्रमुख राम किशोर मुर्मू,अनंत मंडल,बीरबल सहित अन्य मौजूद रहे।









