जामताड़ा में 2 से 7 नवंबर तक 16 केंद्रों पर लगेगा विशेष आधार शिविर
जामताड़ा: जनजातीय पखवाड़ा के तहत जिले में 2 से 7 नवंबर 2026 तक विशेष आधार नामांकन एवं आधार सीडिंग शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिले के 16 केंद्रों पर लगने वाले इन शिविरों का समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है।
इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समुदाय सहित अन्य वर्गों के पात्र छात्र-छात्राओं का आधार नामांकन एवं आधार सीडिंग सुनिश्चित करना है, ताकि कोई भी विद्यार्थी आधार संबंधी समस्या के कारण प्री-मैट्रिक, पोस्ट-मैट्रिक एवं टॉप क्लास छात्रवृत्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
शिविर प्रखंड विकास कार्यालय, प्रखंड संसाधन केंद्र, नगर पंचायत, नगर परिषद तथा विभिन्न डाकघरों में आयोजित होंगे। जामताड़ा, करमाटांड़, नारायणपुर, फतेहपुर, नाला एवं कुंडहित प्रखंडों में इसके लिए केंद्र बनाए गए हैं।
शिविरों के सफल संचालन के लिए जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। शिक्षा पदाधिकारियों को आधार से वंचित विद्यार्थियों की पहचान कर शिविर तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया है।
जिला प्रशासन ने सभी पात्र छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में नजदीकी शिविर पहुंचकर आधार संबंधी प्रक्रिया पूरी कराएं, ताकि छात्रवृत्ति का लाभ प्राप्त करने में कोई बाधा न आए।









