जामताड़ा में मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर प्रशासन सख्त, 31 अक्टूबर तक सुनवाई और सत्यापन पूरा करने का निर्देश
जामताड़ा: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार ने सभी ईआरओ और एईआरओ को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पुनरीक्षण से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं पूरी करने का निर्देश दिया है।
प्रशासन के निर्देशानुसार नोटिस से संबंधित सुनवाई और सत्यापन की प्रक्रिया 31 अक्टूबर 2026 तक पूरी करनी है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची से अनावश्यक रूप से नहीं हटे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न रहे।
पुनरीक्षण के तहत प्रपत्र-1, प्रपत्र-2 और प्रपत्र-3 में आवश्यक विवरण तैयार किए जाएंगे। प्रपत्र-2 का प्रकाशन 4 नवंबर को किया जाएगा। इस दिन सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ और बीएलए-2 की पांचवीं बैठक के साथ चुनाव पाठशाला आयोजित होगी। वहीं, 18 नवंबर को प्रपत्र-3 के प्रकाशन के साथ छठी बैठक आयोजित की जाएगी।
प्रशासन ने मतदाता सूची की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित सूचियों को मतदान केंद्रों पर प्रकाशित करने तथा आम नागरिकों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उनकी प्रतियां उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
प्राप्त आपत्तियों और सुझावों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना है, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता को अपने मताधिकार का उपयोग करने का अवसर मिल सके।








