जामताड़ा में जनता दरबार के 69.52% मामलों का निष्पादन, 242 आवेदन लंबित
जामताड़ा: जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों के त्वरित निष्पादन को लेकर उपायुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिले के 69 विभागों एवं कार्यालयों में लंबित आवेदनों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला प्रशासन के अनुसार, जनता दरबार में अब तक कुल 794 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 552 मामलों का निष्पादन किया जा चुका है, जबकि 242 आवेदन अभी प्रक्रियाधीन हैं। इस तरह कुल आवेदनों में 69.52 प्रतिशत का निष्पादन हुआ है।
उपायुक्त ने जिला, अनुमंडल, प्रखंड और अंचल स्तर पर लंबित मामलों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कन्यादान योजना से संबंधित लंबित आवेदनों को अगले 10 दिनों के भीतर निपटाने को कहा। वहीं, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका चयन, भू-अर्जन मुआवजा भुगतान और जन्म प्रमाणपत्र से जुड़े मामलों में भी तेजी लाने का निर्देश दिया।
सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के मामलों में संबंधित अंचलाधिकारियों को नियमानुसार नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। लंबित प्रमाणपत्रों के निष्पादन तथा सड़क परियोजनाओं और खनन कार्यों के लिए ग्रामसभा सहित जरूरी प्रक्रियाएं पूरी करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य की समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा में सुनवाई पूरी करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने अधिकारियों से आम लोगों की शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करने की अपील की।








