जामताड़ा में जागरूकता वाहन से सरकारी योजनाओं और नशामुक्ति का संदेश
जामताड़ा: जिले में सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने और निषिद्ध मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से टीवी स्क्रीन और वर्चुअल रियलिटी (वीआर) यंत्रों से सुसज्जित जागरूकता वाहन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
इसी क्रम में गुरुवार को जिले के विभिन्न सुदूरवर्ती ग्रामीण इलाकों में अभियान चलाया गया। जागरूकता वाहन में लगे हेड-माउंटेड डिस्प्ले वीआर बॉक्स के माध्यम से लोगों को वर्चुअल रियलिटी तकनीक से सरकारी योजनाओं से संबंधित वीडियो दिखाए जा रहे हैं। इसके साथ ही योजनाओं की जानकारी देने के लिए पंपलेट भी वितरित किए जा रहे हैं।
अभियान के तहत निषिद्ध मादक पदार्थों के सेवन, खरीद-बिक्री और तस्करी से होने वाले नुकसान के बारे में भी ग्रामीणों को जानकारी दी जा रही है। खासकर युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
जागरूकता अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और नशामुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। आधुनिक तकनीक के माध्यम से चलाए जा रहे इस अभियान से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी सरल और रोचक तरीके से उपलब्ध कराई जा रही है।








