दीपावली पर पटाखा बिक्री के लिए 3 नवंबर तक करें आवेदन
जामताड़ा: दीपावली पर्व 2026 के अवसर पर जामताड़ा जिले में अस्थायी पटाखा बिक्री के लिए अनुज्ञप्ति प्राप्त करने हेतु इच्छुक पात्र व्यक्तियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसके लिए आवेदक 3 नवंबर 2026 को शाम 5 बजे तक जिला शस्त्र शाखा, जामताड़ा में आवेदन जमा कर सकते हैं।
प्रशासन की ओर से पटाखों की सुरक्षित एवं व्यवस्थित बिक्री सुनिश्चित करने के लिए विस्फोटक अधिनियम, 1884 तथा विस्फोटक नियम, 2008 के प्रावधानों के तहत प्रक्रिया निर्धारित की गई है। नगर क्षेत्र में प्रस्तावित बिक्री स्थलों का चयन संबंधित स्थानीय निकाय और प्रशासनिक पदाधिकारियों के समन्वय से किया जाएगा। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं भूमि प्रबंधक की सहमति से स्थल का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा।
आवेदन के साथ निर्धारित प्रपत्र एई-5, आवेदक के आधार एवं पैन कार्ड की स्वहस्ताक्षरित प्रतियां, पासपोर्ट आकार के दो फोटो, प्रस्तावित स्थल का नक्शा, सुरक्षा संबंधी विवरण, शपथपत्र तथा आवश्यक अनापत्ति प्रमाणपत्र जमा करना होगा। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार स्क्रूटनी एवं अनुज्ञप्ति शुल्क भी देय होगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल आवेदन जमा करने से पटाखा बिक्री की अनुमति नहीं मिलेगी। सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति, स्थल निरीक्षण और सुरक्षा मानकों के अनुपालन के बाद ही अनुज्ञप्ति जारी की जाएगी। बिना वैध अनुमति पटाखों की बिक्री एवं भंडारण करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इच्छुक आवेदकों से समय सीमा के भीतर पूर्ण दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा करने की अपील की गई है।








