जामताड़ा में जल्द शुरू होगी विजिटर मैनेजमेंट सुविधा, घर बैठे कर सकेंगे शिकायत
जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में सोमवार को जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी (DeGS) की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक में डिजिटल सेवाओं के विस्तार, इंटरनेट कनेक्टिविटी, झारसेवा पोर्टल पर लंबित आवेदनों और विजिटर मैनेजमेंट सिस्टम की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि जिले में जल्द ही विजिटर मैनेजमेंट सुविधा शुरू की जाएगी। इसके माध्यम से जिलेवासी घर बैठे ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने के साथ अपने आवेदन की स्थिति भी ट्रैक कर सकेंगे। इससे दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए जिला मुख्यालय आने की जरूरत कम होगी।
डिजिटल पंचायत अभियान के तहत सभी पंचायतों में भारतनेट के माध्यम से निर्बाध इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। निष्क्रिय प्रज्ञा केंद्रों को दोबारा शुरू करने तथा नेटवर्क की खराब गुणवत्ता में सुधार लाने पर भी जोर दिया गया। नेटवर्क से वंचित क्षेत्रों का सर्वे कर उन्हें चिह्नित करने का निर्देश दिया गया।
वहीं, झारसेवा पोर्टल पर लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश सभी अंचल अधिकारियों को दिया गया। अपर समाहर्ता को इसकी नियमित समीक्षा करने को कहा गया।
बैठक में डिजिटल लाइब्रेरी, कंप्यूटर शिक्षा, यूआईडीएआई और संचार नेटवर्क सहित विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई। मौके पर अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार समेत संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।








