पड़ोसी के शौचालय टंकी निर्माण से मकान को खतरा, फरियादी की शिकायत पर जांच के निर्देश
जामताड़ा: पड़ोसी द्वारा घर और दुकान से सटाकर शौचालय की टंकी खोदे जाने से मकान को खतरा उत्पन्न होने की शिकायत लेकर पहुंचे फरियादी की समस्या पर प्रशासन ने संज्ञान लिया है। शुक्रवार को समाहरणालय स्थित एसजीएसवाई सभागार में बैठक समाप्त होने के बाद कार्यालय लौटने के दौरान उपायुक्त ने फरियादी की शिकायत सुनी और जांच का भरोसा दिया।
जामताड़ा बाजार निवासी बुद्धदेव पाल ने शिकायत करते हुए बताया कि उनके पड़ोसी द्वारा घर एवं दुकान से सटाकर शौचालय की टंकी खोदी जा रही है। इससे उनके मकान का स्ट्रक्चर दिखाई देने लगा है और किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है। उन्होंने मामले में हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई की मांग की।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने नगर पंचायत जामताड़ा के कार्यपालक पदाधिकारी को मामले की जांच कर वास्तविक स्थिति से अवगत कराने का निर्देश दिया।
गौरतलब है कि आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक मंगलवार को पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार आयोजित किया जाता है। इसमें जिलेवासी अपनी समस्याएं एवं शिकायतें रख सकते हैं।








