JTET परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 20 केंद्रों पर 8756 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
जामताड़ा: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET)-2026 के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय स्थित एसजीएसवाई सभागार में संयुक्त ब्रीफिंग सह समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, दंडाधिकारियों तथा सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्राधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिले के कुल 20 परीक्षा केंद्रों पर 1 नवंबर (रविवार) को दो पालियों में परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें 8756 परीक्षार्थी शामिल होंगे। प्रथम पाली सुबह 9:30 से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक होगी।
परीक्षा में कदाचार रोकने के लिए सभी केंद्रों पर सघन जांच एवं फ्रिस्किंग की व्यवस्था रहेगी। महिला परीक्षार्थियों की तलाशी महिला पुलिस अधिकारी करेंगी। मोबाइल, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ, घड़ी, बैग, पर्स, बेल्ट एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्रियों का प्रवेश वर्जित रहेगा।
इस बार परीक्षा में प्री-फिल्ड ओएमआर शीट का उपयोग किया जाएगा। इसके वितरण एवं उपयोग में विशेष सावधानी बरतने का निर्देश दिया गया है। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी व्यवस्था दुरुस्त रखने और फुटेज सुरक्षित रखने को कहा गया। परीक्षा के दौरान अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विधि-व्यवस्था के लिए जिला नियंत्रण कक्ष भी सक्रिय रहेगा। इसका हेल्पलाइन नंबर 9771969917 है।








