युवा महोत्सव में दिखी प्रतिभा की चमक, रोजगार मांगने के बजाय रोजगार देने वाले बनें युवा
जामताड़ा: जिले के इनडोर स्टेडियम में शुक्रवार को जिला स्तरीय राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2026-27 का आयोजन उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस दौरान युवाओं को अपनी प्रतिभा पहचानने, निखारने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्हें केवल रोजगार की तलाश करने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजन करने वाला बनना चाहिए। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक, स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में युवाओं के लिए अपार संभावनाएं हैं। विकसित भारत एवं विकसित झारखंड के निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम है।
महोत्सव में सामूहिक लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला, नुक्कड़ नाटक एवं कविता लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
लोकनृत्य एवं लोकगीत में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। चित्रकला में रुपाली साधु, नुक्कड़ नाटक में सर्वोदय सेवा समिति तथा कविता लेखन में नंदनी कुमारी प्रथम रहीं। इस अवसर पर डे बोर्डिंग स्कूल के बच्चों को स्पोर्ट्स किट भी प्रदान की गई।








